फ़ॉलोअर

मंगलवार, मई 21, 2013

"न्यूज की परिभाषा" (डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री ‘मयंक’)

न्यूज की परिभाषा
मित्रों!
     कल मेरी अपने एक मित्र से बातें हो रही थी। बातों-बातों में समाचार पत्रों का प्रकरण भी आ गया। मैंने अपने मित्र से कहा कि पहले समाचार पत्रों के सम्वाददाता बहुत विद्वान हुआ करते थे परन्तु आजकल तो समाचारपत्रों के सम्वाददाता नगर के छँटे हुए ही बन पाते हैं। इसीलिए साहित्यिक समाचारों को अक्सर अख़बार में जगह नहीं मिल पाती है। जबकि हत्या, चोरी-डकैती, लूट और बलात्कार की घटनाओं को बहुत मोटे शीर्षकों में चित्र के साथ छापा जाता है!
     मेरे मित्र ने कहा कि उसकी किसी अख़बार के रिपोर्टर से इस विषय पर बात हो रही थी। इस प्रकरण पर उसने  मुझे न्यूज की परिभाषा बताते हुए कहा था- “मास्टर पढ़ाता है तो यह उसका कर्तव्य है, कवि काव्यपाठ करता है तो यह उसकी चर्चा का अंग है। इसमें न्यूज कहाँ हुई?
     न्यूज तो वह होती है कि अमुक स्थान पर बलवा हुआ, अमुक स्थान पर बम फटा, अमुक् जगह पर मर्डर हो गया, बलात्कार हो गया, सरेआम किसी की पिटायी हो गयी आदि-आदि...।
     हमारे अनुसार तो न्यूज की यही परिभाषा है।

शुक्रवार, मार्च 08, 2013

"हृदय के उदगार की समीक्षा" (डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री ‘मयंक’)

राजेश कुमारी का रचना संसार!
"हृदय के उद्गार"
         कुछ माह पूर्व बड़े पुत्र के यहाँ देहरादून गया था। जानी-मानी ब्लॉगर श्रीमती राजेश जी को जैसे ही यह पता लगा कि मैं देहरादून आया हुआ हूँ। वो उसी दिन दोपहर बाद अपनी ब्लॉगर सहेली डॉ.नूतन गैरौला को साथ में लेकर मुझसे मिलने के लिए चली आयीं। इसका एक कारण यह भी रहा होगा कि उन्हें अपनी पुस्तक “हृदय के उद्गार” मुझे भेंट करनी थी।
        मैं भी कितना आलसी रहा कि इस काव्य संग्रह के बारे में दो-शब्द भी न लिख पाया। आज समय मिला है तो अपनी भावनाओं को समीक्षा के रूप में अंकित कर रहा हूँ।
      पठनीय रचनाओं से सुसज्जित 172 पृष्ठों की इस पुस्तक को ज्योतिपर्व प्रकाशन, गाजियाबाद द्वारा प्रकाशित किया गया है। जिसका मूल्य रु.299/- रखा गया है। जनसाधारण की सोच से परे इसका आवरण चित्र रमेश डोगरा ने तैयार किया है।
         विदूषी कवयित्री ने अपने काव्य संग्रह “हृदय के उद्गार” को रचनाओं के अनुसार (क) से लेकर (च) तक छः खण्डों में विभाजित किया है।
            खण्ड (क)  में स्नेह, प्रेम रस की 20 रचनाएँ लगाई गयी हैं-
        इस काव्य संग्रह को श्रीमती राजेश कुमारी जी ने अपनी ममतामयी माँ को समर्पित किया है और मां को नमन करते हुए “माँ कैसे कर्ज चुकाऊँ” शीर्षक से यह रचना रची है-
“दूध तेरा मेरी रग-रग में
कैसे भूल जाऊँ
तेरी व्यधि हर लूँ मैं
या
जीवन औषधि बन जाऊँ
मैं कैसे कर्ज चुकाऊँ...”
       इसी खण्ड से एक रचना और देखिए। जिसका शीर्षक है “चंदा साजन”-
“रजत हंस पर होकर सवार
रात गगन वत्स छत पर आया
देख वर्च लावण्य उसका
सुन री सखी वो मेरे मन भाया
वो समझा मैं सोयी थी
मैं सुख सपनों में खोयी थी
चूम बदन मेरा उसने
श्वेत किरण का जाल बिछाया
हिय कपोत उसने उलझाया
सुन री सखी वो मेरे मन भाया....”
        “अटूट समर्पण” नामक रचना में कवयित्री लिखती है-
“उम्र की दहलीज है,
पर रात अभी बाकी है
ये तेरे-मेरे प्यार की
मिठास अभी बाकी है...”
       खण्ड (ख) में कवयित्री ने नैतिक, प्रेरणादायक और सामाजिक कविताओं को स्थान दिया है। इसमें 43 रचनाओं ने स्थान पाया है। हृदय के उद्गार संकलन में “हृदय के उद्गार” नाम से भी शीर्षक रचना को भी रखा गया है। मेरे विचार से तो इसे इस संकलन के प्रारम्भ में ही होना चाहिए था। लेकिन “जहाँ न पहुँचे रवि, वहाँ पहुँचे कवि!” शायद इसके पीछे भी कोई रहस्य तो छिपा ही होगा।
“माना कि यहाँ ज़लज़ले
बेलै चले आते हैं
मैं रोक नहीं पाती
इन हृदय के उद्गारों को!...”
       इसी खण्ड में  एक मार्मिक रचना “आँखें” भी है, जो हमें सोचने को विवश कर देती है। देखिए-
“मैंने देखी झील सी निश्चल
नवल जीवन में जब आयीं आँखें
मैंने देखी अश्रुओं से भीगी
भूख से अकुलायी आँखें...”
       सामाजिक प्रवेश से ओत-प्रोत “कब तक जलो” की कुछ पंक्तियाँ भी देखिए-
“फर्ज़ के अलाव में कब तक जलो
परछाई भी कहने लगी इधर चलो...”
      खण्ड (ग) में कवयित्री ने ग़ज़लें, नज़्म और शेर-ओ-शायरी का समावेश किया है इसमें छोटी-बड़ी मिला कर 28 रचनाओँ को स्थान मिला है। उदाहरण के लिए एक ग़ज़ल के चन्द अल्फाज़ देखिए-
“अरमान घिट रहे हैं यूँ दर्दे अजाब में
ढूँढें कहाँ सुकूनेदिल हम इस शराब में
वो ले गया नींदें भी मेरी लूटकर देखो
कैसे यकीं हो अब वो आयेगा ख़्वाब में...”
       इसी खण्ड से एक अशआर भी देखिए-
वो आसमां को छूने ही वाला था
कि ज़मीं खिसक गयी
लक्ष्य भेदने ही वाला था
कि नज़र बहक गयी”
      संकलन के खण्ड (घ) में देशभक्ति तथा बच्चों के लिए 10 रचनाओं को स्थान दिया गया है।
       “विकसित देश” रचना का एक अंश देखिए-
“मन में गंगा हाथों में तिरंगा
ये संक्लप दुहराना होगा
तोड़कर स्वार्थ के घोरों को
देश को समृद्ध बनाना होगा...”
       संकलन के खण्ड (ड.) में कवयित्री ने अपनी हास्य रस की तीन रचनाओं को स्थान दिया है।
     शायद वानरों के प्रकोप से दुखी होकर ही कवयित्री ने इस रचना को लिखा होगा। “जय हनुमन्त” रचना का एक अंश देखिए-
“जय हनुमन्त अमंगलहारी
प्रभू तेरी सेना बड़ी दुखकारी
बगिया में उत्पात मचाये
फिर मुझको अँगूठा दिखाये...!
    “हृदय के उद्गार” के अन्तिम खण्ड (च) में कवयित्री ने प्रकृति, पर्यावरण और ऋतु-त्यौहारों की 16 रचनाओं को स्थान दिया है।
उदाहरण के लिए “पर्यावरण बचाओ” नामक रचना का कुछ अंश देखिए-
“हरे-भरे तुम पेड़ लगाओ
और उन्हीं से छैंया पाओ...”
       इस कविता संग्रह को आत्मसात् करते हुए मैंने महसूस किया है कि कवयित्री ने इसमें जीवन से जुड़े लगभग प्रत्येक विषय पर अपनी लेखनी चलाई है। चाहे इनकी कलम से रचना निकले या मुँह से बात निकले वह अपने आप में कविता से कम नहीं होती है।
           अन्त में इतना ही कहूँगा कि इस पुस्तक के सृजनकर्त्री श्रीमती राजेश कुमारी घरेलू महिला होते हुए भी बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। कुल मिलाकर यही कहूँगा कि “हृदय के उद्गार” एक पठनीय और संग्रहणीय काव्यसंकलन है।
        मेरा विश्वास है कि “हृदय के उद्गार” काव्यसंग्रह सभी वर्ग के पाठकों में चेतना जगाने में सक्षम है। इसके साथ ही मुझे आशा है कि वसुन्धरा काव्य संग्रह समीक्षकों की दृष्टि से भी उपादेय सिद्ध होगा।
        यह काव्य संकलन ज्योतिपर्व प्रकाशन, ज्योतिपर्व मीडिया एंड पब्लिकेशन, 99-ज्ञानखण्ड-2, इन्दिरापुरम, गाजियाबाद (उ.प्र.) से प्राप्त किया जा सकता है।
शुभकामनाओं के साथ!
समीक्षक
 (डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री ‘मयंक’)
कवि एवं साहित्यकार 
टनकपुर-रोड, खटीमा
जिला-ऊधमसिंहनगर (उत्तराखण्ड) 262 308
E-Mail .  roopchandrashastri@gmail.com
फोन-(05943) 250129 मोबाइल-09368499921

बुधवार, दिसंबर 26, 2012

"पुस्तक समीक्षा-लक्ष्य" (डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक')


लक्ष्य को न भुलाने की परिणति है “लक्ष्य”
   काफी समय पूर्व श्रीमती कविता विकास ने मुझे के काव्य संग्रह “लक्ष्य” की पाण्डुलिपि मेल से प्रेषित की थी।  उस समय मैंने इसको आद्योपान्त पढ़ा और लक्ष्य के लिए कुछ लिखा था! जिसको कवयित्री ने अपने काव्य संग्रह “लक्ष्य” में ज्यों का त्यों छाप भी दिया है। लेकिन अब मुझे यह काव्य संग्रह पुस्तक के रूप में मुझे मिल गया है। जिसे देख कर मुझे हार्दिक प्रसन्नता हो रही है।
    कोयलानगर, धनबाद (झारखण्ड) में डी.ए.वी. संश्थान में  प्राध्यापिका के रूप में कार्यरत श्रीमती कविता विकास के काव्यसंग्रह “लक्ष्य” को बसन्ती प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित किया गया है। 96 पृष्ठ के इस काव्य संग्रह का मूल्य 250रु. निर्धारित किया गया है। परमात्मा के मुख्यनाम ऊँ के श्रीचरणों में समर्पित करते हुए कवयित्री ने लिखा है- "पूज्य माँ-बाबा को, जिनकी मूक अभिलाषा में मैंने अपने जीवन का लक्ष्य पाया...।"
        इसमें आदरणीया रश्मि प्रभा, डॉ.प्रीत अरोड़ा, डॉ. मलिक राजकुमार, डॉ.अनिता कपूर और कवयित्री के पतिदेव विकास कुमार ने भी अपने सुन्दर शब्दों से कवितासंग्रह की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
        संग्रह की रचयिता ने “लक्ष्य” को “लक्ष्य” की परिणति के बारे में अपनी कलम से लिखा है-"शब्दों की यात्रा में न कोई पड़ाव है और न कोई मंजिल। बस चलते जाना है अविरत....अविराम...अथक।..."
        इस कविता तंग्रह का नाम कवयित्री ने “लक्ष्य” ही क्यों रखा? इस पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने लिखा है- "लक्ष्य कविता मेरे जीवन की पहली रचना थी, जिसे मैंने विद्यार्थीजीवन में लिखा था...!"
       माँ ममता का पर्याय है और माँ के पास शिशु अपने को सुरक्षित महसूस करता है। इसलिए “लक्ष्य” कविता संग्रह का शुभारम्भ कवयित्री ने "माँ" से किया है-
   माँ की महिमा का बखान करते हुए कवयित्री लिखती है-
“अतीत के आईने में निहारने को
जब स्वयं को सँवारती हूँ
कई झिलमिलाते परतों में माँ
तुम ही तुम नज़र आती हो ।

पूजा का थाल सजाकर नमन को
जब देव-प्रांगण जाती हूँ
अनेक देवताओं के बीच माँ”
तुम देवी बन मुस्काती हो ।“


     कवियित्री ने अपनी रचनाओं में गवेषणा भी प्रस्तुत की है देखिए उनकी एक अन्य रचना की बानगी-
“भावनाओं के समंदर से उबरते
विचारों के मंथन से निकलते
मैंने जान लिया है -
मानव मात्र निमित्त है ।
स्व की खोज में निहित उसकी चेतना है
दूसरों से अनभिज्ञता उसकी विडंबना है...”
      अपनी कविताओं में कविता विकास जी ने चुन-चुनकर यथोचित शब्दों का प्रयोग किया है। ऐसा लगता है कि उनके पास केवल शब्दों का भण्डार ही नहीं अपितु अथाह सागर भी है। नाम कविता है तो काम भी उसके अनुरूप ही है।
    “लक्ष्य” में इन्होंने अपनी तीस उत्कृष्ट कविताओं को संग्रहीत किया है। जिसमें उनकी बहुमुखी प्रतिभा की झलक दिखाई देती है।
एक ओर जहाँ चुनौती, कामनाएँ, आतंक, कसक, बदलाव, कशिश आदि अमूर्त मानवीय संवेदनाओं पर कवयित्री की संवेदना बिखरती है तो दूसरी ओर बेटी, माँ, टूटता तारा, आशा किरण आदि विषयों को इन्होंने अपनी रचना का विषय बनाया है। इसके अतिरिक्त प्रेम के विभिन्न रूपों को भी उनकी रचनाओं में विस्तार मिला है। वे अपने परिवेश की सामाजिक समस्याओं से भी अछूते नहीं रहीं हैं।
     बेटी के बारे में वे लिखतीं हैं-
“शबनम की मोती पर
सुनहरे लाली सी
       चंचल
कुहासे के धुएँ में
छटती भोर सी
      शीतल............
कलाकार की कल्पना सी
तुम व्याप्त हो
इहलोक की बुनियाद में
एक इष्टिका सी”
    
तमन्ना होती है कि अपनों से दिलखोलकर मिलें और अपने सुख-दुख को साझा करें। मगर दुनिया में तमन्ना केवल तमन्ना ही बनकर रह जाती है। इसी पर प्रकाश डालते हुए कवयित्री कहती है-
“उनसे मिलने की तमन्ना थी बड़ी शिद्दत से
सामना  होते  ही हम अनजान हो गए
जिस पल को जीना चाहा बड़ी मुद्दत से
आगाज़ पाते ही वो खामोश हो गए ।“
समष्टि में व्यष्टि की कल्पना करते हुए कवयित्री कामना करती है-
“साल दर साल रैन बसेरा का  साथ मत दो
बस एक ख्याल ही अपना आने दो ।
गगन के विस्तार सा आयाम मत दो
बस एक कोने में सिमटा सूर्य बन रहने दो ।“
कल्पनाओं के क्षितिज पर उड़ने की इच्छा करते हुए इस कविता को उन्होंने शब्द कुछ इस प्रकार से दिये हैं-
 “दिल में आशियाँ बनाने वाले ,काश ऐसा होता
कभी सैर के बहाने ही आते ,दिलासा तो मिलता ।
बादलों संग आँख मिचौली खेलना ,चाँद की फितरत
जी चाहता है पहलु में छुपा लूँ ,तुमसे न होऊँ रुख़सत।“
“स्पर्श प्यार का” कैसा होना चाहिए देखिए किवता विकास के शब्दों में-
“आशाओं के पंख लगा कर
क्षितिज पर उगते सूरज की
 लालिमा में डूबने की इच्छा हुई
आज फिर उड़ने की इच्छा हुई ।“
जीवन्त भाषा वाली ये रचनाएँ संवेदनशीलता के मर्म में डूबकर लिखी गई हैं। नयनाभिराम मुखपृष्ठ, स्तरीय सामग्री तथा निर्दोष मुद्रण सभी दृष्टियों से यह स्वागत योग्य है। इसके साथ ही मुझे विश्वास है कि कविता विकास द्वारा रचित "लक्ष्य" काव्य संग्रह कहीं न कहीं पाठकों के मन को गहराई से छुएगा और समीक्षकों के लिए भी उनकी यह कृति उपादेय सिद्ध होगी!
इस प्रथम काव्य संग्रह के लिये “कविता विकास” को मैं हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ और आशा करता हूँ कि भविष्य में भी उनकी अन्य कृतियाँ प्रकाशित होती रहेंगी।
डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री ‘मयंक’
खटीमा (उत्तराखण्ड) पिन-262308
सम्पर्क-09368499921,
वेबसाइट-http://uchcharan.blogspot.in/

कृपया नापतोल.कॉम से कोई सामन न खरीदें।

मैंने Napptol.com को Order number- 5642977
order date- 23-12-1012 को xelectron resistive SIM calling tablet WS777 का आर्डर किया था। जिसकी डिलीवरी मुझे Delivery date- 11-01-2013 को प्राप्त हुई। इस टैब-पी.सी में मुझे निम्न कमियाँ मिली-
1- Camera is not working.
2- U-Tube is not working.
3- Skype is not working.
4- Google Map is not working.
5- Navigation is not working.
6- in this product found only one camera. Back side camera is not in this product. but product advertisement says this product has 2 cameras.
7- Wi-Fi singals quality is very poor.
8- The battery charger of this product (xelectron resistive SIM calling tablet WS777) has stopped work dated 12-01-2013 3p.m. 9- So this product is useless to me.
10- Napptol.com cheating me.
विनीत जी!!
आपने मेरी शिकायत पर करोई ध्यान नहीं दिया!
नापतोल के विश्वास पर मैंने यह टैबलेट पी.सी. आपके चैनल से खरीदा था!
मैंने इस पर एक आलेख अपने ब्लॉग "धरा के रंग" पर लगाया था!

"नापतोलडॉटकॉम से कोई सामान न खरीदें" (डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक')

जिस पर मुझे कई कमेंट मिले हैं, जिनमें से एक यह भी है-
Sriprakash Dimri – (January 22, 2013 at 5:39 PM)

शास्त्री जी हमने भी धर्मपत्नी जी के चेतावनी देने के बाद भी
नापतोल डाट काम से कार के लिए वैक्यूम क्लीनर ऑनलाइन शापिंग से खरीदा ...
जो की कभी भी नहीं चला ....ईमेल से इनके फोरम में शिकायत करना के बाद भी कोई परिणाम नहीं निकला ..
.हंसी का पात्र बना ..अर्थ हानि के बाद भी आधुनिक नहीं आलसी कहलाया .....
--
मान्यवर,
मैंने आपको चेतावनी दी थी कि यदि आप 15 दिनों के भीतर मेरा प्रोड्कट नहीं बदलेंगे तो मैं
अपने सभी 21 ब्लॉग्स पर आपका पर्दाफास करूँगा।
यह अवधि 26 जनवरी 2013 को समाप्त हो रही है।
अतः 27 जनवरी को मैं अपने सभी ब्लॉगों और अपनी फेसबुक, ट्वीटर, यू-ट्यूब, ऑरकुट पर
आपके घटिया समान बेचने
और भारत की भोली-भाली जनता को ठगने का विज्ञापन प्रकाशित करूँगा।
जिसके जिम्मेदार आप स्वयं होंगे।
इत्तला जानें।