मुझे आभास हो गया है कि ज़ालजगत पर भी सहृदय लोग हैं। सच पूछा जाए तो यह आभासी दुनिया वास्तविक जगत से बहुत अच्छी है। फेस बुक पर भी बहुत से मित्र हैं मेरे और ब्लॉगिंग करने के नाते जी-मेल और ब्लॉगिस्तान में भी मेरे शुभचिन्तकों की कमी नहीं है!
लगभग एक सप्ताह पुरानी बात है। मैं उस समय बाज़ार में किसी के पास बैठा था कि मेरे मोबाइल पर एक कॉल आयी "मैं महेन्द्र श्रीवास्तव बोल रहा हूँ! शास्त्री जी आप खटीमा में ही रहते हैं क्या?"मैंने उत्तर दिया कि आप कहाँ पर हैं इस समय!
महेन्द्र श्रीवास्तव जी ने उत्तर दिया कि मैं खटीमा के एरिया में ही आया हुआ हूँ और इस समय शहीद स्मारक के पास हूँ। आपका निवास कहाँ है? मैं आपसे मिलना चाहता हूँ! मैंने महेन्द्र श्रीवास्तव जी को कहा "आप आ जाइए, मेरा निवास स्थान सौरभ अस्पताल के बराबर में टनकपुर रोड पर है। वैसे आप खटीमा में यदि किसी से भी पूछ लेंगे कि शास्त्री जी का निवास कहाँ है तो वो आपको बता देंगे।"
मैं भी पाँच मिनट में बाज़ार से अपने घर पर आ गया था। देखा तो एक इनोवा मेरे घर के बाहर आकर रुकी और उसमें से 3 लोग बाहर आये। जिनमें एक सहारा समय के स्थानीय रिपोर्टर थे और हरी टी-शर्ट में महेन्द्र श्रीवास्तव थे। तीसरा व्यक्ति शायद कैमरामैन रहा होगा। महेन्द्र श्रीवास्तव जी से मिल कर मुझे ऐसा लगा कि जैसे कि हमारी बहुत पुरानी जान पहचान हो।
चाय की चुस्कियों के बीच बहुत सारी बातें हुईं और महेन्द्र श्रीवास्तव जी के ब्लॉग आधा सच का एक हैडर भी मैंने उनके लिए बना दिया। जिससे आधा सच बहुत आकर्षक लगने लगा। लेकिन उसके खुलने में बहुत दिक्कत थी जिसे मैंने कुछ विजेट और एचटीएमएल कोड हटाकर ठीक कर दिया। अब आधा सच आसानी से खुलने लगा था।जैसे ही चाय समाप्त हुई, महेन्द्र श्रीवास्तव जी कहने लगे कि अब शाम घिरने लगी है, रात में शायद श्यामलाताल में ही विश्राम करना होगा।
तीसरे दिन सुबह सवेरे ही महेन्द्र श्रीवास्तव जी पुनः मेरे निवास पर आये और पर्यावरण पर मेरा एक छोटा सा इंटरव्यू भी लिया। बातों बातों में पता लगा कि पड़ोसी देश नेपाल के शहर महेन्द्रनगर "महेन्द्र श्रीवास्तव" न करें ऐसा भला कैसे सम्भव था। इन्होंने यहाँ भी एक रात गुजारी थी। यह थी एक सुखद और अप्रत्याशित भेंट आभासी दुनिया के एक मित्र से। जो मुझे हमेशा याद रहेगी।